मऊरानीपुर/झांसी। भारतीय जनता पार्टी झांसी जिला द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मऊरानीपुर में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन गौतम ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है तथा जल जीवन मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया गया है।
सम्मेलन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सड़क, रेल, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। किसानों के लिए किसान सम्मान निधि योजना तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
विशिष्ट अतिथि पवन गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनकल्याण, सुशासन और विकास के रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंचा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जवाहरलाल राजपूत, रमा निरंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल राज ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वीरेंद्र नायक ने व्यक्त किया।
