मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की आशंका है और कई जिलों में झुलसाने वाली गर्म हवाएं चल सकती हैं। इसी बीच बांदा देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य शहरों में भी पारा लगातार चढ़ा रहा। झांसी, प्रयागराज और जालौन में तापमान 45.6°C, आगरा में 45.4°C और हमीरपुर में 45.2°C दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
नौतपा की शुरुआत, गर्मी और बढ़ने के आसार
आज से नौतपा की शुरुआत भी हो गई है, जिसे वर्ष के सबसे गर्म दिनों में माना जाता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का असर और तेज रहेगा। लोगों को दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव के संकेत भी
मौसम विभाग ने बताया कि तेज गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी वायुमंडल में तापमान का अंतर बढ़ गया है, जिससे आंधी और बारिश की स्थिति बन रही है। पूर्वी यूपी से छत्तीसगढ़ की ओर सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण कुछ जिलों में बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 29 और 30 मई को प्रदेश में कई जगहों पर आंधी, बारिश और तेज हवाएं (50 किमी/घंटा तक) चल सकती हैं।
अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
26 मई को पूरे प्रदेश में तेज धूप और लू का असर रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में धूल भरी आंधी चल सकती है। 27 मई को अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी रहेगी। 28 मई से पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं और 29-30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं से तापमान में थोड़ी गिरावट संभव है, हालांकि उमस बनी रहेगी।भीषण गर्मी के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर में धूप से बचने की अपील की है।
