पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात चेकिंग के दौरान जब बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव को गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक SHO भी घायल हो गया, जबकि एक सिपाही बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गया।
शादी के दिन मचा था खून-खराबा
जानकारी के मुताबिक, 1 मई को आजाद बिंद की बारात जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने कार रोककर दूल्हे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद CCTV फुटेज और जांच के आधार पर रवि यादव, प्रदीप बिंद और भोले राजभर की पहचान हुई थी।
प्रेम प्रसंग और रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या लव मैरिज से जुड़ी रंजिश के चलते की गई थी। दुल्हन और दूल्हा एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। उसी के साथ मिलकर रवि यादव ने वारदात को अंजाम दिया था। दुल्हन ने भी पुलिस को आरोपियों की पहचान बताई थी।
कई आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर अब भी फरार हैं। रवि यादव के खिलाफ कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज थे।
24 घंटे में तीसरा एनकाउंटर
गौरतलब है कि प्रदेश में 24 घंटे के भीतर यह तीसरा एनकाउंटर है। इससे पहले अलीगढ़ और हापुड़ में भी पुलिस मुठभेड़ में बदमाश मारे गए थे, जिन पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज थे।
