प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बस अचानक अनियंत्रित हो गई। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बस का टायर फटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घायलों को पानी उपलब्ध कराकर प्राथमिक सहायता भी दी गई।
घायलों में राजकुमारी (बानपुर, ललितपुर), अनूप शुक्ला (झांसी), कोशल्या (महरौनी, ललितपुर), साक्षी (हंसारी, झांसी), मोनिका (ललितपुर), कुलदीप (राजगढ़, झांसी) और रंजीत (ललितपुर) सहित कई यात्री शामिल हैं। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी।
पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल 21 लोग घायल हुए हैं और किसी भी प्रकार की बड़ी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा रही है।
