स्थानीय लोगों के अनुसार हमलावरों ने करीब 150 बम फेंके और लगभग 40 राउंड फायरिंग की। इस दौरान 11 से 12 घरों को नुकसान पहुंचा, कई मकानों के टीनशेड टूट गए और दो कारों सहित करीब 9 बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। हमले से लोग डरकर घरों में छिप गए।
आरोप है कि हमलावरों ने एक घर में घुसकर अलमारी से 50 हजार रुपये नकद, जेवरात और चार मोबाइल फोन, जिनमें एक आईफोन भी शामिल है, लूट लिए। विरोध करने पर तलवार और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बमबाजी में एक महिला को छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि यह हिंसा 10 दिन पहले हुए विवाद का नतीजा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। रविवार रात करीब 9:15 बजे हिस्ट्रीशीटर बमबम गिरी और उसके साथियों ने कथित तौर पर पांडे बस्ती पर हमला कर दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
वहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी बमबम गिरी के घर में आग लगा दी, जिसे बाद में फायर ब्रिगेड ने बुझाया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
