झांसी। कचहरी परिसर स्थित एडवोकेट महिला संघ के चैंबर में बुधवार, 25 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी के महिला मंडल एवं प्रबुद्ध वर्ग के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला पदाधिकारियों एवं महिला अधिवक्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा महिला अधिवक्ताओं की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को जाना।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने उपस्थित महिला अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए पूछा कि सरकार से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं और न्यायालय परिसर में उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस पर महिला अधिवक्ताओं ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि महिला अधिवक्ताओं को न्यायालय परिसर में कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
महिला अधिवक्ताओं ने बताया कि जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट एवं पारिवारिक न्यायालय सहित विभिन्न न्यायालय परिसरों में महिला अधिवक्ताओं की संख्या काफी है, लेकिन उनके बैठने और आपस में विचार-विमर्श करने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में महिला अधिवक्ताओं के लिए एक अलग कॉमन हॉल की आवश्यकता है, जहां वे बैठकर आपस में चर्चा कर सकें और अपने व्यावसायिक कार्यों को सुचारु रूप से कर सकें।
इस अवसर पर गुजरात से आयीं भाजपा की महिला बिस्तारक शोभा वैन, सुषमा वैन,भाजपा जिला मंत्री मीनू राजावत, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शिवांगी मुदगिल, सीमा शर्मा, एडवोकेट प्रीति संज्ञा, एडवोकेट नीलम सिंह, एडवोकेट उमा चौधरी, एडवोकेट पूजा सिंह,,एडवोकेट रागिनी आदि उपस्थित रहीं ।
