सोने के जेवर गलाकर 900 ग्राम की सिल्ली बनाई, पुणे में 1.13 करोड़ रुपये में बेचने का खुलासा; पहले महाराष्ट्र से एक आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
झांसी। मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अमृतसर के सराफा कारोबारी के दो बैग चोरी करने के मामले में झांसी पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1.70 लाख रुपये नकद और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के जेवर गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली तैयार की थी, जिसे पुणे में 1.13 करोड़ रुपये में बेच दिया गया।

एसपी ग्रामीण डॉ.अरविंद कुमार ने बताया कि अमृतसर निवासी गुरकीरत सिंह सोने के जेवर का कारोबार करते हैं। वह विभिन्न दुकानदारों के ऑर्डर पर जेवर लेकर सप्लाई करते हैं। 28 अक्टूबर 2026 को वह छतरपुर से बस में सवार होकर झांसी आ रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पर रुकी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर उनके दो बैग लेकर फरार हो गए। बैगों में करीब 6937 ग्राम जेवर, जिसमें नग आदि निकालने के बाद 3152 ग्राम सोना और 200 ग्राम शुद्ध सोना शामिल था, के अलावा 15 लाख रुपये नकद रखे थे। मामले में 29 अक्टूबर को थाना मऊरानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस घटना के खुलासे के लिए एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार और क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई थी। पुलिस ने 6 नवंबर को महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए 17.06 लाख रुपये फ्रीज कराए गए थे।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने 21 नवंबर को गोवा के कैलंगुट स्थित होटल कोस्टा डी कैलंगुट इन के कमरा नंबर 301 में दबिश देकर गणेश चन्द्रकान्त माल्वे निवासी पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.70 लाख रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। ट्रांजिट रिमांड के बाद आरोपी को झांसी लाकर न्यायालय में पेश किया गया।
साथियों के साथ मिलकर गलाया था सोना
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मारुति राजाराम पिटेकर अपने साथियों के साथ चोरी के जेवर गलवाने के लिए 30 अक्टूबर को उसके पास पहुंचे थे। इसके बाद वह उन्हें महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के महालुंगी क्षेत्र में एक खेत में बने शेड में ले गया, जहां जेवरों को गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली बनाई गई। बाद में इस सोने को पुणे में ब्रह्म ट्रेडर्स के उत्कर्ष मारवाड़ी को 1.13 करोड़ रुपये में बेचने की बात बताई। आरोपी के मुताबिक, उसे इस काम के बदले साढ़े चार लाख रुपये मिले थे, जिसमें से 1.70 लाख रुपये उसके पास बचे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) और 61(2) के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का महाराष्ट्र में लूट और चोरी से संबंधित तीन मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, स्वाट प्रभारी विनय दिवाकर समेत मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।
