झांसी। सावन में झमाझम बारिश के बाद कुछ दिनों से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से झांसी में आज मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 3, 4 और 5 सितंबर को भी अधिक बारिश के आसार जताए गए हैं। मानसून पश्चिमी इलाकों से होते हुए बुंदेलखंड में बांदा के रास्ते प्रवेश करेगा और इसका असर दोपहर तक झांसी में दिखाई देने की संभावना है।
दोपहर बाद बारिश की संभावना ज्यादा
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आदित्य सिंह के मुताबिक मानसून पश्चिमी क्षेत्रों से होते हुए बुंदेलखंड में प्रवेश करेगा। इसके चलते झांसी में दोपहर बाद बारिश की संभावना अधिक रहेगी। आगामी तीन दिनों में भी बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं।
उन्होंने किसानों को बारिश से पहले खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी है। खेतों में पानी जमा होने से फसलों को नुकसान हो सकता है। सब्जी की खेती और बागवानी करने वाले किसानों को भी जलभराव से निपटने के लिए पहले से इंतजाम करने को कहा गया है।
बादल छाए रहे, उमस ने किया परेशान
सावन के आखिरी सप्ताह में झांसी में बादल जमकर बरसे थे। इसके बाद लगातार बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई। मंगलवार को भी आसमान में बादल आते-जाते रहे और कुछ अंतराल पर धूप खिली। इससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को झांसी का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून के दोबारा सक्रिय होने से लोगों को उमस से राहत मिलने और बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
