झांसी। झांसी में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और धूप से परेशान लोगों को इस बदलाव से काफी राहत मिली है। ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम में यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण माना जा रहा है। इसके प्रभाव से 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिसने मौसम को ठंडा कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।
जहां एक ओर आम लोगों और किसानों के लिए यह बारिश कुछ हद तक राहत लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर कई किसानों के लिए यह आफत भी बन गई। असमय हुई बारिश से खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर फसल झुक गई और भीगने के कारण खराब होने लगी है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम साफ रहता तो इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। अब उन्हें उत्पादन में कमी और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से फसलों का शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि इस नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।
