बबीना/झांसी। थाना क्षेत्र स्थित बीएचईएल टाउनशिप में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बीएचईएल के एक मैनेजर के घर के ताले तोड़कर लगभग 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
जानकारी के अनुसार, बीएचईएल में कार्यरत मैनेजर हरीश बंसल अपने परिवार के साथ घूमने के लिए शिवपुरी गए हुए थे। बुधवार शाम वह पत्नी और बच्चों के साथ घर बंद कर निकल गए थे और गुरुवार तक वहीं रुकने का कार्यक्रम था।इसी दौरान गुरुवार सुबह उनके सामने रहने वाले पड़ोसी ने फोन कर बताया कि उनके घर के बाहर की कुंडी किसी ने बंद कर दी है। जब दरवाजे के लैच से अंदर झांककर देखा गया तो मुख्य द्वार टूटा हुआ दिखाई दिया और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
सूचना मिलते ही हरीश बंसल घबराकर परिवार सहित तुरंत वापस लौटे। घर पहुंचने पर देखा कि बदमाशों ने मेन गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों की अलमारियां खंगाल डालीं। अलमारियों में रखे करीब 25 लाख रुपये के जेवर और 40 हजार रुपये नकद गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस और बीएचईएल चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विनोद कुमार साहू के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
