बुंदेलखंड महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेला, 2719 अभ्यर्थियों को मिले ऑफर लेटर
झांसी। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत बुंदेलखंड महाविद्यालय में आयोजित वृहद रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिले। मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक डॉ. बाबूलाल तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध करा रही है, जिससे पलायन में कमी आ रही है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने कहा कि मेले में 104 कंपनियों ने प्रतिभाग कर लगभग 15 हजार पदों पर भर्ती के अवसर प्रदान किए हैं। यह पहल युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सीईओ आशीष कुमार ने बताया कि प्रदेश स्तर पर तीन वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें यह दूसरा मेला है। कार्यक्रम में 3728 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 2719 को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशिमा खान ने किया। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
