झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन सभागार में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम सहित जनपद के सभी साइबर सेल प्रभारियों और साइबर थाना टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, नए तरीकों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए तकनीकी जानकारी और सतर्कता बेहद आवश्यक है। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिबिंब पोर्टल के प्रभावी उपयोग, लियन अमाउंट रिकवरी की प्रक्रिया तथा साइबर ठगी में हुए वित्तीय लेनदेन को ट्रैक कर पीड़ितों को राहत दिलाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित, समन्वित और तकनीकी रूप से सक्षम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी कहा गया।
झांसी पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
