लखनऊ। लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने हालात बिगाड़ दिए हैं। गुरुवार सुबह मोहान रोड और रायबरेली रोड पर गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बुद्धेश्वर चौराहे के पास करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चला, जिससे यातायात प्रभावित रहा और वाहनों को डायवर्ट करना पड़ा।
इससे पहले बुधवार रात शहर के कई पावर हाउसों पर भारी हंगामा देखने को मिला। उतरेठिया, फैजुल्लागंज, तेलीबाग और अन्य इलाकों में सैकड़ों लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पावर हाउसों का घेराव किया। कई जगह हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
फैजुल्लागंज उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन उदय राज की 11 हजार वोल्ट लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद बिजली कर्मचारियों में भी शोक और आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में बेहद कम समय के लिए बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है। जनता विहार, बादल खेड़ा समेत कई इलाकों में 24 घंटे में केवल कुछ घंटे ही बिजली मिलने की शिकायतें सामने आई हैं।
वहीं, उतरेठिया पावर हाउस पर करीब 400 लोगों ने घेराव कर हंगामा किया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी लोग बिजली बहाली की मांग पर अड़े रहे। फैजुल्लागंज पावर हाउस पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाने के आरोप भी लगे हैं।
इधर, नादरगंज में एबीसी केबल जलने और गोमती नगर विस्तार में लगातार तीन दिनों से केबल फॉल्ट के कारण आपूर्ति बाधित है। कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर और फीडर की खराबी से बिजली संकट और गहरा गया है।
बिजली विभाग की ओर से बताया गया है कि कुछ उपकेंद्रों पर मरम्मत कार्य के चलते भी सप्लाई प्रभावित रहेगी, जिससे लाखों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
फिलहाल लखनऊ में बिजली संकट, सड़क पर प्रदर्शन और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
