दद्दा ध्यानचंद की नगरी में आज होगा खिताब का फैसला, झाँसी समेत तीन टीमें फाइनल में
झाँसी। दद्दा मेजर ध्यानचंद की कर्मभूमि झाँसी में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता-2026 अब अपने रोमांचक अंतिम पड़ाव पर पहुँच गई है। गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कई मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे और पेनल्टी शूटआउट तक पहुँचे। अब शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में विभिन्न वर्गों के खिताबी मुकाबले खेले जाएंगे।
अंडर-17 बालक वर्ग के सबसे रोमांचक सेमीफाइनल में झाँसी और मुरादाबाद के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला गोलरहित (0-0) बराबरी पर रहा। इसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में झाँसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का किया। दूसरे सेमीफाइनल में प्रयागराज ने लखनऊ को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
अंडर-15 बालक वर्ग में मुरादाबाद ने झाँसी को 1-0 तथा प्रयागराज ने लखनऊ को 5-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के मुकाबलों में अंडर-17 बालिका वर्ग में अलीगढ़ ने प्रयागराज को वॉकओवर से पराजित किया। अंडर-17 बालक वर्ग में मुरादाबाद ने लखनऊ को 4-0 तथा अंडर-15 बालक वर्ग में झाँसी ने लखनऊ को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान अपने नाम किया।
अब शुक्रवार को सभी की निगाहें मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर रहेंगी। प्रातः 9 बजे से शुरू होने वाले फाइनल मुकाबलों में अंडर-17 बालिका वर्ग में झाँसी का सामना मेरठ से, अंडर-15 बालक वर्ग में मुरादाबाद और प्रयागराज तथा अंडर-17 बालक वर्ग में झाँसी और प्रयागराज के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
प्रतियोगिता के तृतीय दिवस के मैचों का संचालन तकनीकी निदेशक श्री सुबोध खंडकर के निर्देशन में संपन्न हुआ। तकनीकी टेबल पर श्री अशोक चन्द्र ओझा, श्री सतीश चन्द्र लाला एवं कु. कशिश यादव तथा अंपायर श्री सुनील गुप्ता, श्री अमित गुप्ता, श्री रूपेन्द्र कुमार, श्री जावेद खान, श्री सुशील महर्षि, श्री जावेद अल्ताफ, श्री सैय्यद एहतेशाम अली एवं श्री हिम्मत उल्ला खाँ ने प्रतियोगिता का सफल संचालन किया।
इस अवसर पर श्री कोमल सिंह यादव, डॉ. अनुप्रिया जैन, सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री सुनील कुमार, मंडलीय सचिव श्री अजय सिंह, जनपदीय सह सचिव सुनीता तिवारी, कवीन्द्र वर्मा, त्रिभुवन सिंह, पवन सिंह, प्रियंका सिंह, इन्द्रेश पाठक, विजय प्रताप एवं प्रदीप सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। पत्राचार एवं प्रमाण-पत्र लेखन का दायित्व कमलेश कुमार, गंगा शरण शुक्ला एवं हरीश शर्मा ने निभाया। प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं के समन्वय में मंडलीय खेलकूद समन्वयक नीतू सिंह तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी आसमा खान का उल्लेखनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन अजय वर्मा ने किया।
