मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, किसानों को जल्द मिले राहत
झांसी। प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों को अहम निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जिले में अवैध शराब की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए।

मुख्य सचिव ने घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कालाबाजारी व जमाखोरी पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही प्रवासी श्रमिकों व असंगठित क्षेत्र के कामगारों को 5 किलो के एफटीएल सिलेंडर उपलब्ध कराने हेतु विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।
पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रक्रिया तेज करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां लोगों को कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जाए। लंबित एनओसी को शीघ्र जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि क्षतिपूर्ति राशि का वितरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष शिविरों के माध्यम से किया जाए। साथ ही फसल बीमा योजना के लाभ शीघ्र दिलाने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 मई 2026 से उर्वरक, बीज सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसान आईडी अनिवार्य होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
30 अप्रैल तक पूरी करें फार्मर रजिस्ट्री
कृषि योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री 30 अप्रैल तक पूर्ण की जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
