झांसी। पुलिस ने जनपदवासियों के लिए यातायात संबंधी महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। इलाइट चौराहे से सीपरी बाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य की अवधि बढ़ा दी गई है। पहले यह कार्य आज रात्रि 12 बजे तक पूरा होना प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से अब यह कार्य 11 मई 2026 को दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगा।
जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए उक्त मार्ग पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। निर्माण कार्य के चलते इलाइट चौराहे से सीपरी बाजार की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद कर दी गई है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार इलाइट चौराहे से सीपरी बाजार की ओर जाने वाले वाहन अब इलाइट चौराहा से इलाहाबाद बैंक चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा और अशोक तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, सीपरी जाने वाले अन्य वाहन जीवनशाह तिराहा से बीकेडी चौराहा होकर आवागमन कर सकेंगे।
संबंधित कार्यदायी संस्था ने जानकारी दी है कि 11 मई को दोपहर 2 बजे तक निर्माण कार्य पूर्ण कर सड़क को पुनः यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जाम से बचने के लिए इलाइट चौराहे के आसपास के अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वाहन चालकों से पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
