शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कें जगह-जगह से उखड़ी पड़ी हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश या हल्की नमी के बाद हालात और खराब हो जाते हैं। पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी लगातार जोखिम उठाना पड़ रहा है। कई जगहों पर सड़क पर फैली धूल के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन कार्य के बाद लंबे समय से सड़कें अधूरी और टूटी हुई पड़ी हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, जबकि दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को धूल और गंदगी से भारी परेशानी हो रही है।
इस समस्या को लेकर नगरवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि सामान्य जनजीवन फिर से सुचारू हो सके।
प्रोजेक्ट मैनेजर कुश शाह के अनुसार पेयजल योजना का कार्य अभी जारी है और पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
