झांसी किले से शुरू हुई हाफ मैराथन में चार श्रेणियों में हुई प्रतियोगिताएं
विजेताओं को बांटी गई 7.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
झांसी। ऐतिहासिक झांसी किले पर रविवार को एसबीआई झांसी हाफ मैराथन-2026 का आयोजन हुआ। इसमें 1500 धावकों ने 21, 10, पांच और दो किमी की दौड़ में हिस्सा लिया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मैराथन में एसबीआई टाइटल पार्टनर रहा। 21 और 10 किमी के विजेताओं को कुल 7.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
21 किमी पुरुष वर्ग (18-30 वर्ष) में सत्यम ने 1:04:54 घंटे में दौड़ पूरी कर पहला, मुकेश भांभू ने दूसरा और पलाश हाजरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में फूलन पाल प्रथम, मुन्नी देवी द्वितीय और गुड्डी तृतीय रहीं। अन्य आयु वर्गों में पुरुष-महिला श्रेणी के विजेताओं में अब्दुल मशहूद, डिम्पल सिंह, अर्जुन प्रधान, आभा मेहता, भास्कर कांबले और गीता देवी शामिल रहे। 10 किमी पुरुष वर्ग में रामिकेश रामिकेश ने 30:31 मिनट के साथ पहला, विक्की राजभर ने दूसरा और अभिषेक पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सोनम चौधरी प्रथम, खुशबू पटेल द्वितीय और स्नेहा मलिक तृतीय रहीं। अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, उप महाप्रबंधक सुबोध कुमार गोपे सहित अधिकारियों ने विभिन्न दौड़ों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, प्रायोजकों, सहयोगी विभागों, स्वयंसेवकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
