झांसी। शराब के नशे में पत्नी की हत्या करने के बाद शव को छत से गिरने का रूप देने वाले आरोपी पति को कोतवाली पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हसिया भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले पत्नी के सिर पर हसिया से वार किया और बाद में उसे छत से नीचे धक्का दे दिया था।
पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 16 अक्टूबर को गीताबाई कहार निवासी नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश ने कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री दीपमाला की पहली शादी सुरेश कहार से हुई थी, जिनकी जनवरी 2026 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद दीपमाला, सुरेश के साथ काम करने वाले लालाराम आदिवासी निवासी नया खेड़ा बड़ेरा, थाना बबीना के साथ रहने लगी थी।
15 अक्टूबर को छोटू राय ने गीताबाई को दीपमाला की मौत की सूचना दी। जानकारी करने पर हत्या की आशंका सामने आई। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 302/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की।
एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन और एसपी सिटी प्रीति सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने लालाराम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त हसिया बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 14 अक्टूबर को वह पत्नी के साथ ट्रैक्टर पर ईंट लेकर जा रहा था। पत्नी ने शराब के लिए रुपये मांगे और विवाद करने लगी। शाम को मजदूरी मिलने के बाद उसने शराब खरीदी। दोनों ने शराब पी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पास रखे हसिया से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। बाद में धक्का देने पर वह छत से नीचे जा गिरी। सुबह पत्नी को मृत देखकर उसने हसिया छिपा दिया और अरुण की मदद से शव अंदर रखवाया। इसके बाद उसने लोगों को छत से गिरने की झूठी कहानी बताई।
पुलिस ने आरोपी लालाराम को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
