झांसी। लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान की निगरानी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने देशभर में 208 एआईसीसी पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। इनमें झांसी से पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधांशु त्रिपाठी को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
जिला मीडिया प्रभारी अमीर चंद आर्य ने बताया कि कांग्रेस ने मतदाता सूची की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अभियान का विस्तृत रोडमैप जारी किया है। अभियान के तहत चरणबद्ध तरीके से ब्लॉक स्तर पर मार्च, जनसंपर्क अभियान, गांवों में चौपाल और देशव्यापी राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाएगी। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कांग्रेस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की सुरक्षा करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। पार्टी कार्यकर्ता गांव से लेकर ब्लॉक स्तर तक अभियान को पहुंचाकर लोगों को मतदाता सूची और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
