प्रयागराज । प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र में एक गर्ल्स लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा देर रात छात्राओं के कमरे में घुसा और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित छात्राओं के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से फोन और मैसेज के जरिए उन्हें परेशान कर रहा था। 18 मई की रात वह शराब के नशे में लॉज में पहुंचा और एक छात्रा के कमरे के बाहर दरवाजा पीटने लगा। जब छात्रा ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने बाहर से लॉक कर दिया और बाद में अन्य छात्राओं के कमरे में भी जबरन घुसने की कोशिश की।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने दोनों छात्राओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनके बाल पकड़कर पीटा। इस दौरान उसने किचन से चाकू लेकर हमला करने की कोशिश भी की, जिससे एक छात्रा और उसकी बहन को चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर आरोपी की मां भी मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी और डायल-112 पर पुलिस को कॉल किया।
छात्रा का आरोप है कि पुलिस के सामने भी आरोपी ने अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी शुभम द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया था, हालांकि बाद में उसे अदालत से जमानत मिल गई।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
