पानी, सफाई, सड़क और शहर विकास की योजनाओं पर विस्तृत मंथन
झांसी। नगर निगम सदन की महत्वपूर्ण बैठक में महापौर बिहारी लाल आर्य की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट को व्यापक चर्चा के बाद पारित कर दिया गया। सदन में प्रस्तुत बजट के अनुसार प्रस्तावित राजस्व, पूंजी एवं अन्य मदों सहित कुल सकल आय 4 अरब 90 करोड़ 62 लाख 87 हजार रुपये निर्धारित की गई। सदन सदस्यों ने बजट पर अपनी सहमति देते हुए शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक समस्याओं के समाधान की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

नगर निगम सदन हॉल में आयोजित इस बैठक में बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की शुरुआत शहर में पेयजल संकट को लेकर हुई, जहां सदर विधायक रवि शर्मा ने अमृत योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल संस्थान और जल निगम अधिकारियों से जवाब तलब किया। कई पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पाइपलाइन अधूरी होने, जलापूर्ति बाधित रहने तथा बिना पानी पहुंचे बिल आने की समस्याएं उठाईं। इस पर अधिकारियों ने तकनीकी त्रुटियों में संशोधन और पाइपलाइन विस्तार का आश्वासन दिया। भीषण गर्मी को देखते हुए महापौर बिहारी लाल आर्य एवं सदर विधायक रवि शर्मा ने जल संकट को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त वार्डों में छोटे-छोटे विकास कार्यों हेतु अलग धनराशि तय करने, सड़कों की मरम्मत, नालियों की नियमित सफाई, अधूरे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने और मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी गंभीर चर्चा हुई। कई पार्षदों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि अधूरे कार्यों को चिन्हित कर प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।

लक्ष्मीबाई पार्क में मूर्ति स्थापना के मुद्दे पर भी सदन में बहस हुई। पार्षदों ने बिना सदन की अनुमति किसी भी कार्य को आगे न बढ़ाने की बात कही। इस पर निर्णय लिया गया कि सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी।

महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य झांसी को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और प्रदेश का अग्रणी महानगर बनाना है। उन्होंने कहा कि सदन में पारित बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि झांसी के भविष्य की विकास रूपरेखा है।
बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा, विधायक रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी रमा निरंजन, उपसभापति आशीष तिवारी, सदन नेता नरेंद्र नामदेव, सभासद बंटी राजा, निलेश त्रिपाठी, धर्म करोसिया, महेश गौतम, विकास खत्री, सुनील नेनवानी, लखन कुशवाहा, संजीव गुप्ता, बाल स्वरूप साहू, अर्चना राय, प्रियंका साहू, उमेश जोशी, आशीष चौकसे, अरविंद झा, रिंकू वंशकार, अमित राय, आशीष रैकवार सहित अनेक पार्षद एवं नगर निगम अधिकारी उपस्थित रहे। सदन में पारित इस बजट से झांसी के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
“बादाम कांड”पर सदन में गूंजे ठहाके
झांसी नगर निगम की बैठक उस समय चर्चा में आ गई जब पार्षद राहुल ने अधिकारियों को बादाम सौंपते हुए तंज कसा कि उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है, इसलिए बादाम खाएं। इस टिप्पणी पर सदन में ठहाके गूंज उठे, लेकिन माहौल जल्द ही गरमा गया। पानी की समस्या और अतिक्रमण जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर पार्षदों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच बैठक में कई बार हंगामे की स्थिति बनी रही, जिससे कार्यवाही प्रभावित भी हुई।
अब 500 सफाई कर्मचारी करेंगे नगर की सफाई
बैठक में सफाई व्यवस्था भी प्रमुख मुद्दा रही। शहर की बढ़ती आबादी और सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए 350 से 500 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों की भर्ती के प्रस्ताव को सदन ने मंजूरी दी। महापौर ने कहा कि स्वच्छ झांसी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पर्याप्त सफाईकर्मियों की आवश्यकता है। नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने बताया कि शासन स्तर पर वेतन वृद्धि और प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण होते ही भर्ती को अंतिम रूप दिया जाएगा। सफाई कर्मचारियों के मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जाएगा।
बीच बैठक में टूट गई पार्षद की कुर्सी
सदन की बैठक के बीच पूरे महानगर के विकास का बोझ उठाने वाले नगर निगम के सभागार की कुर्सी पार्षद के बोझ को न ढो सकी और कुर्सी टूट गई। कुर्सी पर बैठे पार्षद संजीव गुप्ता गिरते-गिरते बचे। और फिर भारत की चर्चित तकनीकि जुगाड़ का प्रयोग कर किसी तरह कुर्सी पर कुर्सी रखकर काम चलाया गया।
