झांसी। सदर बाजार थाना क्षेत्र के सिमराहा में रेलवे पुलिया के पास युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 17 अक्टूबर को 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
एफआईआर के अनुसार, मनोज कुमार राय ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई विजय राय 15 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे सिमराहा से भटगांव स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था। रेलवे पुलिया के पास कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में विजय के सिर और हाथों में गंभीर चोटें आईं। जमीन पर गिरने के बाद भी उसके पैरों पर वार किए गए, जिससे दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मौके पर पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
परिजनों ने बताया कि घायल विजय को डायल-112 की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल की गंभीर हालत के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस के अनुसार, एफआईआर में 11 नामजद और दो अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले में बीएनएस की धाराएं 191(2), 191(3), 115, 117(2), 109(1), 352, 351(3) और 61(2) लगाई गई हैं। विवेचना उपनिरीक्षक रवि कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
