झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के बैंकिंग, अर्थशास्त्र एवं वित्त विभाग के इकोफिन क्लब द्वारा आयोजित छह दिवसीय ‘उड़ान’ कार्यक्रम की श्रृंखला में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में वित्तीय साक्षरता तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रत्येक सही उत्तर पर आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। शिक्षकों और विद्यार्थियों की संयुक्त भागीदारी से कार्यक्रम रोचक बन गया तथा प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मोहम्मद फुरकान मलिक एवं डॉ. प्रियंका अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. शंभू नाथ सिंह ने की। इस अवसर पर डॉ. ज्योति कुमारी मिश्रा, डॉ. अतुल गोयल, डॉ. राधिका चौधरी एवं डॉ. शिल्पा मिश्रा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद, सहभागिता और सीखने की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
