झांसी। झांसी मंडल ने 27 अप्रैल 2026 को आयोजित यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के मद्देनज़र परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष “एग्जाम स्पेशल” ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे परीक्षार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बांदा, महोबा और चित्रकूट धाम कर्वी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष प्रबंध किए गए। मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई, जिससे किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सकी।

एग्जाम स्पेशल ट्रेनों के तहत झांसी से कानपुर सेंट्रल के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं, जिनका संचालन क्रमशः 13:30 और 18:54 बजे किया गया। इसके अलावा चित्रकूट धाम कर्वी से भी कानपुर सेंट्रल के लिए एक विशेष ट्रेन चलाई गई। इन ट्रेनों ने परीक्षार्थियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प प्रदान किया।
सुरक्षा के लिहाज से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों की तैनाती प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में की गई। वहीं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों, टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क द्वारा यात्रियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों को लगातार सूचनाएं दी गईं। रेलवे का यह प्रयास परीक्षार्थियों को तनावमुक्त और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ।
