झांसी। बरुआसागर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेतवा नदी में नाव पलटने से दो सगे भाई तेज बहाव में डूब गए। दोनों अपने पिता के साथ बनगुवां के पास नदी किनारे पहुंचे थे। पिता कुछ दूरी पर काम से गए थे, इसी दौरान दोनों भाइयों ने नाव चलाने की कोशिश की। तेज बहाव में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और दोनों पानी में गिरकर बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बरुआसागर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन कई घंटे बाद भी उनका पता नहीं चल सका। नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पिता के लौटने पर मछुआरों ने बताई घटना
कटरा मोहल्ला, बरुआसागर निवासी राजू रैकवार बेतवा नदी में मछली पकड़ने का ठेका लेते हैं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वह अपने दोनों बेटों महेंद्र रैकवार (25) और मनीष रैकवार (21) को लेकर बनगुवां नदी किनारे पहुंचे थे।
राजू दोनों बेटों को नदी के पास छोड़कर किसी काम से कुछ दूरी पर चले गए। इसी दौरान दोनों भाइयों ने नाव चलाने का प्रयास किया। नदी का बहाव तेज होने से नाव संतुलन खो बैठी और पलट गई। दोनों भाई नाव के साथ पानी में जा गिरे और तेज धारा में बह गए। राजू के वापस लौटने पर वहां मौजूद मछुआरों ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को नदी में उतारा और तलाश शुरू कराई।
महेंद्र शादीशुदा, दो छोटे बच्चों का पिता
परिजनों के मुताबिक महेंद्र रैकवार शादीशुदा था। उसकी पत्नी का नाम नेहा है। महेंद्र के दो छोटे बेटे कुलदीप (5) और धीरज (3) हैं। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा है। दोनों भाइयों के नदी में डूबने की जानकारी मिलने के बाद पिता राजू और मां अंजू रैकवार समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी किनारे मौजूद हैं और दोनों भाइयों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
तेज बहाव के चलते SDRF को बुलाया गया
स्थानीय स्तर पर कई घंटे की तलाश के बावजूद दोनों युवकों का पता नहीं चलने पर प्रशासन ने SDRF की फ्लड मैनेजमेंट टीम को मौके पर बुलाया है। करीब 7 घंटे से दोनों भाइयों की तलाश जारी है। रेस्क्यू टीम को आशंका है कि नदी के तेज बहाव में दोनों युवक घटनास्थल से दूर तक बह गए होंगे। फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोर और SDRF की टीम बनगुवां के पास बेतवा नदी में दोनों की तलाश में जुटी हुई है।
