झमाझम बारिश से गर्मी में मिली राहत, कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि
महानगर में बारिस तो जिले के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि
झांसी। भीषण गर्मी और तेज तपिश से जूझ रहे लोगों को गुरुवार शाम अचानक बदले मौसम ने बड़ी राहत दी। दिनभर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बाद देर शाम मौसम ने करवट ली और महानगर सहित जिले के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
गुरुवार को दिन में झांसी का अधिकतम तापमान लगभग 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग की ओर से पहले ही गर्मी और मौसम परिवर्तन को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
महानगर में जहां अच्छी बारिश हुई, वहीं जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आईं। अचानक हुई बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई। बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 5 जून तक क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट महसूस की गई। लोगों का कहना है कि कई दिनों बाद उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिली है। प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
