झांसी। रक्सा कस्बे के पास सिजवाहा गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक राजेश राजपूत की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने दोस्त गौतम वर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल होने से बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार रक्सा कस्बे की राजपुर रोड स्थित आदिवासी कॉलोनी निवासी राजेश राजपूत पुत्र शिवदयाल करारी स्थित एक पेट्रोलियम कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। वह विभिन्न पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल की सप्लाई करते थे। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अपने मित्र गौतम वर्मा (30) पुत्र जगदीश निवासी अथाई मोहल्ला के साथ ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही दोनों सिजवाहा गांव के पास बने वेयर हाउस के निकट पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति में आए डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही गौतम सड़क के दूसरी ओर जा गिरे, जबकि राजेश डंपर के पहियों के नीचे आ गए। डंपर चालक उन्हें रौंदता हुआ मौके से निकल गया। हादसे में राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। छोटे भाई विक्की का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी राम, 13 वर्षीय पुत्र ऋषभ और 7 वर्षीय पुत्र ऋषि को छोड़ गए हैं।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
