छह साल तक जिलाध्यक्ष रहकर खड़ा किया महिला संगठन, कनिष्ठ कार्यकर्ताओं को बड़े पद मिलने से जताई नाराजगी
झांसी। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतोष सामने आने लगा है। महिला मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यकारिणी की सूची घोषित होने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने पार्टी में अपने कार्य और योग्यता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें महिला मोर्चा की क्षेत्रीय टीम में मंत्री का दायित्व सौंपा गया था। 1उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा, कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र को त्यागपत्र भेजकर संगठन में अपनी मेहनत, योग्यता और वरिष्ठता की अनदेखी किए जाने पर नाराजगी जताई है।
त्यागपत्र में उन्होंने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से भाजपा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। राजनीति शास्त्र में परास्नातक के साथ एमएड और एलएलबी की शैक्षणिक योग्यता रखने वाली कार्यकर्ता ने पार्टी में शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल उपाध्यक्ष जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। इसके बाद पिछले छह वर्षों से महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष के पद पर कार्यरत रहीं।
उन्होंने कहा कि जब उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी, तब जिले में महिला संगठन बेहद कमजोर था। ग्रामीण अंचल होने के कारण संगठन से जुड़ी महिलाओं की संख्या भी बेहद कम थी और मंडल स्तर पर संगठनात्मक ढांचा मजबूत नहीं था। उन्होंने मेहनत करके शक्ति केंद्र स्तर तक महिला संगठन खड़ा किया और पार्टी के विभिन्न अभियानों को सक्रियता से संचालित किया। चुनावों में भी भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत लगाई।
उन्होंने क्षेत्रीय कार्यकारिणी में मंत्री पद दिए जाने पर भी असंतोष जताया। उनका कहना है कि उनसे कनिष्ठ और कम संगठनात्मक अनुभव रखने वाली महिलाओं को उनसे बड़े पद दिए गए। वर्ष 2021 में जिला पंचायत सदस्य का टिकट नहीं मिलने और जिले के संगठनात्मक गठन में समुचित समन्वय न किए जाने को भी उन्होंने अपनी उपेक्षा का उदाहरण बताया।
एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि अटल जी ने कहा था – छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता, टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता। अभी हमारा मन अशांत है। व्यथित होने के नाते अभी और कुछ भी नहीं सोचा है। चर्चाएं आम हैं कि त्यागपत्र का यह क्रम आगे भी बढ़ सकता है।
लगातार अनदेखी से आहत होकर उन्होंने महिला मोर्चा के पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। उनके इस कदम को संगठन के भीतर असंतोष के रूप में देखा जा रहा है।
इनका है कहना
इस संबंध में भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष मोना शुक्ला ने बताया कि उनके पास प्रीति शर्मा का इस्तीफा पहुंचा। लेकिन उन्होंने न तो इसे स्वीकार किया है और न ही इसे अस्वीकार किया है। प्रीति शर्मा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रहीं हैं इसलिए उन्हें क्षेत्रीय टीम में समाहित करते हुए मंत्री बनाया गया। अन्य को छोटी बड़ी जिम्मेदारियां दी गई। वे सभी उसका तन्मयता से निर्वहन कर रहे हैं। प्रीति द्वारा मीडिया में वक्तव्य दिया गया है।
