हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर बट्टारी का है।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय लालू सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर देर तक सोता था, जिससे घर के कामकाज और बच्चों को स्कूल भेजने में परेशानी होती थी। बुधवार सुबह करीब 5 बजे पत्नी ने उसे जल्दी उठकर दरवाजा खोलने के लिए कहा, जिस पर वह नाराज हो गया।
आरोप है कि गुस्से में उसने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि उसने अपने साले को फोन कर कहा कि “अपनी बहन का ख्याल रखना, यह हमारी आखिरी बात है।”
इसके बाद कमरे के अंदर ही उसने तमंचे से अपने सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। मृतक के सिर में गोली लगी थी। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
परिजनों के अनुसार, लालू की शादी 2019 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
