32 हजार रुपये की मांगी गई थी फिरौती
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 32 हजार की फिरौती मांगने वाले चार आरोपितों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और अपहरण में प्रयुक्त कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में एक महिला भी शामिल है।

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि बड़ागांव गेट बाहर स्थित गोकुल धाम कॉलोनी निवासी किशन लाल श्रीवास ने नवाबाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बेटे भरत का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने युवक को छोड़ने के बदले 32 हजार रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने युवक की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए थे।
एसएसपी के आदेश पर गठित पुलिस टीम में निरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक मोहित और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस को गुरुवार तड़के सूचना मिली कि भगवंतपुरा से कारगुवा जाने वाले मार्ग पर कुछ संदिग्ध लोग छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने इलाके में कांबिंग शुरू की। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए चारों आरोपितों को दबोच लिया और अपहृत भरत को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों ने अपने नाम मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले के कंचनपुरा निवासी रोहित पुरोहित, बृजेंद्र दुबे, रोहिणी सूतकार तथा नई बस्ती निवासी ऋतिक अहिरवार बताए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक नीले रंग की वैलेनो कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार इसी कार का इस्तेमाल अपहरण में किया गया था। आरोपी रोहिणी सूतकार, रोहित पुरोहित की पत्नी बताई गई है।
