250 बालिकाएं लेंगी आत्मरक्षा का प्रशिक्षण,25 बालिकाएं जापान से भी पहुंचेगी शिविर में
झांसी। विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी के तत्वावधान में आठ दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 24 मई से 1 जून तक भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज में किया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में कानपुर प्रांत के 21 जनपदों से लगभग 250 शिक्षार्थी बालिकाएं भाग लेंगी। इनमें 25 बालिकाएं नेपाल से भी शामिल होने के लिए झांसी पहुंचेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री सोमेंद्र ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मरक्षा, अनुशासन और शारीरिक दक्षता के लिए तैयार करना है। आठ दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिभागी बालिकाओं को दंड संचालन, यष्टि, बाधाओं को पार करना, रस्सी पर चलना तथा अन्य साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद सभी बालिकाएं आत्मरक्षा के लिए सक्षम और आत्मविश्वासी बनकर निकलेंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में प्रतिदिन 25 प्रशिक्षक विभिन्न विधाओं में बालिकाओं को प्रशिक्षण देंगे। इन प्रशिक्षकों द्वारा शारीरिक, मानसिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों को हर प्रकार की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और संचालन में झांसी के लगभग 50 कार्यकर्ता और पदाधिकारी सहयोग करेंगे।
शिविर के समापन पर प्रशिक्षित बालिकाओं द्वारा एक विशेष संचलन एवं प्रदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे अपने प्रशिक्षण का प्रदर्शन करेंगी। विभाग संगठन मंत्री ने बताया कि शिविर में शामिल सभी बालिकाओं की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच है। वर्तमान समय में महिलाओं और बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा अत्यंत आवश्यक हो गई है, ऐसे में यह प्रशिक्षण शिविर समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में झांसी से 35, ललितपुर से 20 तथा जालौन से 10 बालिकाएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
शिविर के लिए भूमि पूजन आज
इस 8 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए शुक्रवार 22 मई को भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज विद्या मंदिर में भूमि पूजन का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा। इसमें विहिप के विभिन्न पदाधिकारी,कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
