श्रम नियमों के सख्त पालन के निर्देश
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडल कार्यालय में डिवीजनल लेबर मॉनिटरिंग कमेटी (DLMC) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे मंडल में चल रहे विभिन्न निर्माण, रखरखाव और आउटसोर्सिंग कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों के अधिकारों, श्रम मानकों, न्यूनतम मजदूरी और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) एवं DLMC के नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक कार्मिक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक विभाग के मुख्य कल्याण हित निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे ठेकों में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण और ठेकेदारों द्वारा श्रम कानूनों के पालन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और नियमों का सभी प्रकार के ठेकों में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि श्रम नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई ठेकेदार श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी देने में लापरवाही करता है, मजदूरी भुगतान में देरी करता है अथवा सुरक्षा मानकों और कल्याणकारी सुविधाओं में कमी करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम ने कार्मिक और निविदा से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि भविष्य में जारी होने वाले सभी नए ठेकों, निविदा दस्तावेजों और अनुबंधों में रेलवे बोर्ड के श्रम संबंधी निर्देशों एवं शर्तों को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। इससे ठेकेदारों को कार्य शुरू करने से पहले श्रमिक हितों से जुड़े नियमों की जानकारी रहेगी और उनका पालन सुनिश्चित हो सकेगा।
बैठक के अंत में डीआरएम ने मुख्य कल्याण निरीक्षकों और नोडल अधिकारियों को समय-समय पर कार्यस्थलों का औचक निरीक्षण करने तथा ठेका श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे विकास कार्यों में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमिक के अधिकार, स्वास्थ्य और सुरक्षा की रक्षा करना मंडल प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) आदेश कुमार मिश्रा ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
