सात दिन बाद पुलिस ने किया खुलासा,घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद
झांसी। बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम खजराहा में सात दिन पहले कुएं से मिले 15 वर्षीय किशोर के शव के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरी के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने किशोर की हत्या कर दी थी और सबूत छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार ग्राम खजराहा निवासी कोमल सिंह ने बबीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र अंकित अहिरवार मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास जंगल में स्थित एक कुएं से अंकित का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के करीबी लोगों पर गया। इसी आधार पर मृतक के चचेरे भाई आशिक अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि पूछताछ में आशिक ने बताया कि वह और अंकित साथ में मजदूरी करते थे। घटना वाले दिन मजदूरी के पैसों के हिसाब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में पास पड़ा पत्थर उठाकर अंकित के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद घटना को छिपाने के उद्देश्य से उसने शव को गांव के पास स्थित कुएं में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
