झांसी। झांसी में बिगड़ती यातायात व्यवस्था, बढ़ते अतिक्रमण, अवैध सट्टा कारोबार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर राष्ट्र वक्त संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया के नेतृत्व में यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले पांच वर्षों में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और आम नागरिक घंटों जाम में फंसे रहते हैं। संगठन ने कई प्रमुख चौराहों पर लगाए गए डिवाइडर, ट्रैफिक सिग्नल और अतिक्रमण को जाम का प्रमुख कारण बताया। साथ ही फुटपाथों पर वेंडिंग जोन और अवैध कब्जों के कारण पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग पर चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों के भारी चालान किए जा रहे हैं, जबकि अवैध रूप से संचालित वाहन, ओवरलोड ट्रक और बिना अनुमति चलने वाले वाहनों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती। ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के सत्यापन की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में शहर में बढ़ती चोरी, जेबकतरी, चेन स्नैचिंग और मंदिरों में चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने की मांग की गई। इसके अलावा करोड़ों रुपये के अवैध सट्टा कारोबार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर कार्रवाई और संपत्ति जब्ती की मांग भी की गई।
संगठन ने आरोप लगाया कि कई मामलों में प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के कारण कार्रवाई प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में प्रदेश स्तर पर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई, ताकि सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो सके।
इस दौरान दिलीप तिवारी, गुड्डू शर्मा, अर्पित शर्मा, शिवम, आकाश वर्मा, नरेंद्र कुमार, दीपक कुशवाहा, गोलू यादव सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
