मथुरा में यमुना नदी की सफाई को लेकर एक अनोखा और चर्चा में आया प्रदर्शन सामने आया है। वृंदावन निवासी दीपक शर्मा, जिन्हें लोग ‘कॉकरोच मैन’ के नाम से जानने लगे हैं, ने यमुना में गिर रहे गंदे नालों के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताया। वह कॉकरोच की वेशभूषा में नाले के अंदर उतर गए और वहीं बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करते रहे।
दीपक शर्मा का कहना है कि उनकी मां का पहले निधन हो चुका है और अब वह यमुना नदी को ही अपनी मां मानते हैं। उनका आरोप है कि यमुना में लगातार गंदा पानी और नालों का जल छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी की हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीति का बनकर रह गया है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
प्रदर्शन के दौरान दीपक शर्मा ने बताया कि उन्होंने पहले नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी, साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी अपनी बात रखी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने विरोध का यह अनोखा तरीका अपनाया और नाले में उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दीपक शर्मा का कहना है कि जब तक यमुना नदी में बिना ट्रीटमेंट के नालों का पानी गिरना बंद नहीं होगा, तब तक वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि इस अभियान में उनकी जान भी चली जाए, तो उन्हें कोई पछतावा नहीं होगा।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जिम्मेदार लोग इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और बार-बार प्रदर्शन रोकने की कोशिश की जा रही है।
दीपक शर्मा ने यह भी बताया कि वह पहले कथा-भागवत करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उन्होंने खुद को पूरी तरह समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया है। उनका कहना है कि अब उनका एकमात्र लक्ष्य यमुना को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना है।
इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय प्रशासन और सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। कुछ लोग इसे पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक मान रहे हैं, तो कुछ इसे प्रदर्शन का अजीब और विवादित तरीका बता रहे हैं।
