विधायक के मानवीय संवेदनाओं की चहुं ओर चर्चा
बबीना (झांसी)। क्षेत्र के इण्डो गल्फ फैक्ट्री में हुए हादसे में जान गंवाने वाले नवल यादव के परिजनों से मिलने पहुंचे बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 25 लाख रुपये की राहत राशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में नवल यादव की मृत्यु हो गई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ऐसे कठिन समय में विधायक का यह सहयोग परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और प्रशासन से भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा झांसी महानगर के महामंत्री विनोद नायक, अरविंद राजपूत, जिला मंत्री पलविंदर नंदा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। साथ ही क्षेत्राधिकारी सदर और थानाध्यक्ष बबीना भी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण बताया है।
