झांसी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक सुश्री सुरुचि द्विवेदी के निर्देशन में गठित टीम द्वारा बाँदा–डिंगवाही रेलवे सेक्शन में संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही की गई। सूचना के अनुसार एक व्यक्ति लोहिया पुल के पास रेलवे लाइन के किनारे संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था तथा पत्थर फेंक रहा था।
सूचना पर टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर किलोमीटर संख्या 1320/5-7 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय वर्मा पुत्र बंदर वर्मा, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी ग्राम भूरागढ़, थाना मटौंध, जनपद बाँदा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है तथा कबाड़ा बीनने के दौरान 4-5 दिन पूर्व नशे की हालत में गाड़ी संख्या 26505 वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका था। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे पूर्व में दर्ज मामले से सम्बद्ध करते हुए विधिक कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक: सुश्री सुरुचि द्विवेदी (पर्यवेक्षण)
सहायक उप निरीक्षक: विनय कुमार
प्रधान आरक्षक: सतीश कुमार
आरक्षक: बबलू राम
इसके अतिरिक्त, वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा रेलवे ट्रैक के पास अनधिकृत रूप से वीडियो/रील बनाने के मामले भी संज्ञान में आए, जिनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की गई। कुछ नाबालिग बच्चों को समझाकर उनके अभिभावकों को सख्त हिदायत दी गई कि बच्चों को रेलवे ट्रैक के पास न जाने दें।
अपील:
रेलवे सुरक्षा बल, बाँदा नागरिकों से अपील करता है कि रेलवे ट्रैक के आसपास अनधिकृत रूप से न जाएं तथा ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसे कृत्यों से दूर रहें। ऐसा करना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है और राष्ट्रीय संपत्ति को भी नुकसान पहुँचता है।
