झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्त मानिक चौक बाजार में देर रात एक धागा-बटन की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिशन कंपाउंड निवासी रोशन गुप्ता की मानिक चौक बाजार में श्याम ब्रदर्स नाम से धागा-बटन की दुकान है। रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह अपने घर चले गए थे। देर रात बाजार क्षेत्र में गश्त कर रही चीता मोबाइल पुलिस टीम ने दुकान से धुआं निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सतर्क किया।
जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक धुआं भीषण आग में बदल चुका था। दो मंजिला दुकान से निकल रही आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि आग बुझने तक दुकान में रखा धागा, बटन और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग जांच कर रहे हैं। घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है और उन्होंने बाजार क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
