झांसी। बड़ागांव कस्बे में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर पंचायत प्रवेश द्वार के पास सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के सामने सड़क किनारे खड़े एक टपरे और 22 चक्का डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। धुएं का घना गुबार उठने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर हजारों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि आग पास के अन्य टपरों और मकानों तक फैल सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पारीछा थर्मल पावर प्लांट, मडोरा स्थित निजी सीमेंट फैक्ट्री और झांसी फायर स्टेशन से कुल चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए काफी देर बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था और टपरे में रखा अधिकांश सामान भी नष्ट हो गया।
टपरा संचालक जितेंद्र कुशवाहा ने बताया कि आग लगने से उनके दो ठेले, सब्जियां, डलिया, एक मुर्गा और उधारी की लगभग एक लाख रुपये की कॉपी जलकर राख हो गई। इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं डंपर मालिक बलवीर यादव ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
इस पूरी घटना में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और विद्युत उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
