क्लासेन के अब 13 मैचों में कुल 555 रन हो गए हैं और वह ऑरेंज कैप की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन को पीछे छोड़ दिया है, जो 13 मैचों में 554 रन बनाकर दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं, गुजरात के ही कप्तान शुभमन गिल 552 रनों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज विराट कोहली 542 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल 533 रनों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
वहीं गेंदबाजी में भी मुकाबला रोमांचक बना हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अब तक 13 मैचों में 24 विकेट लेकर पर्पल कैप पर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। उनके पीछे गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा 21 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 20 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर और ईशान मलिंगा 17-17 विकेट के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने 44 और कार्तिक शर्मा ने 32 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर 181 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में ईशान किशन की 70 रनों की अहम पारी भी निर्णायक रही।
इस जीत के साथ SRH ने न केवल प्लेऑफ में प्रवेश किया बल्कि आईपीएल 2026 की अंकतालिका और व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स में भी बड़ा उलटफेर कर दिया।
