जेड फोल्ड8 और गैलेक्सी जेड फ्लिप8 की भारत में कीमतों में जल्द वृद्धि हो सकती है। इन उपकरणों की मौजूदा कीमत करीब 1.25 लाख से 2.60 लाख रुपये के बीच है।
सैमसंग के इन नए फोल्डेबल फोन में कंपनी ने विशेष रूप से तैयार गैलेक्सी एआई, नया हिंज डिजाइन, बेहतर प्रदर्शन, मजबूत ढांचा और उन्नत डिस्प्ले जैसी सुविधाएं दी हैं। गैलेक्सी जेड फोल्ड8 अल्ट्रा खुलने के बाद महज 4.1 मिलीमीटर मोटा है, जो इसे सैमसंग का अब तक का सबसे पतला जेड फोल्ड स्मार्टफोन बनाता है। वहीं, गैलेक्सी जेड फोल्ड8 का वजन केवल 201 ग्राम है और इसे कंपनी का अब तक का सबसे हल्का फोल्ड फोन बताया गया है।
72 घंटे में 2.71 लाख प्री-ऑर्डर
सैमसंग इंडिया के अनुसार, तीनों नए फोल्डेबल स्मार्टफोन को देश में रिकॉर्ड प्री-ऑर्डर मिले हैं। कंपनी के मुताबिक बिक्री शुरू होने से पहले केवल 72 घंटे के भीतर करीब 2.71 लाख ग्राहकों ने इन उपकरणों के लिए प्री-ऑर्डर किया। इस महीने की शुरुआत में बाजार में उपलब्ध होने के बाद इनकी बिक्री भी तेजी से हुई है।
हालांकि, अब खुदरा विक्रेताओं को आशंका है कि मेमोरी चिप की लगातार बढ़ती मांग और कीमतों के कारण सैमसंग इन फोन की कीमतों में संशोधन कर सकती है। मेमोरी चिप स्मार्टफोन के प्रमुख घटकों में शामिल है और वैश्विक स्तर पर इसकी मांग में तेज वृद्धि हुई है।
बढ़ी लागत का बड़ा हिस्सा कंपनी उठा रही
सैमसंग ने पिछले महीने कहा था कि ग्राहकों पर बढ़ती लागत का पूरा बोझ डालने के बजाय कंपनी उसका बड़ा हिस्सा स्वयं वहन कर रही है। भारत में नए गैलेक्सी जेड फोल्ड8 अल्ट्रा, गैलेक्सी जेड फोल्ड8 और गैलेक्सी जेड फ्लिप8 खरीदने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी ने लंबी अवधि की शून्य लागत किस्त सुविधा भी शुरू की है।
सैमसंग साउथवेस्ट एशिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेबी पार्क ने लंदन में नए फोल्डेबल फोन के वैश्विक अनावरण के दौरान कहा कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों की तुलना में सैमसंग की ओर से की गई कीमत वृद्धि काफी कम है। उनके अनुसार, कंपनी बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा स्वयं वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य केवल बाजार हिस्सेदारी बनाए रखना या बढ़ाना नहीं है, बल्कि ग्राहकों को बेहतर उपकरण उपलब्ध कराना है।
मेमोरी संकट से पूरे स्मार्टफोन बाजार पर दबाव
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सैमसंग भारत में इन नए फोल्डेबल फोन की कीमतें बढ़ाती है तो यह अप्रत्याशित नहीं होगा। शोध संस्था स्मार्ट एनालिटिक्स ग्लोबल के अनुसार, दुनियाभर में मेमोरी चिप की कीमतों को लेकर बने संकट का असर भारतीय स्मार्टफोन बाजार पर भी पड़ सकता है।
शोध संस्था के मुताबिक मेमोरी की बढ़ती लागत के कारण बाजार में पहले से उपलब्ध स्मार्टफोन की कीमतों में वृद्धि हो सकती है। साथ ही नए मॉडल भी पहले की तुलना में अधिक कीमत पर बाजार में उतारे जाने की संभावना है।
खुदरा कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मेमोरी चिप की आपूर्ति से जुड़ी समस्या लगातार गंभीर हो रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए आगामी त्योहारी मौसम में मिलने वाली छूट का इंतजार करने के बजाय मौजूदा कीमतों पर ही स्मार्टफोन और लैपटॉप खरीदना अधिक फायदेमंद हो सकता है।
