जानकारी के मुताबिक 16 वर्षीय छात्रा कोंच कोतवाली क्षेत्र में अपने दादा के साथ रहती है। उसकी मां का कुछ साल पहले निधन हो चुका है जबकि पिता ने दूसरी शादी कर ली है और अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। छात्रा की सौतेली मां दूसरे जिले में शिक्षिका हैं। छात्रा के मुताबिक उसे पढ़ाई के लिए रोजाना घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्कूल जाना पड़ता है। इसी दौरान भगतसिंहनगर निवासी 22 वर्षीय युवक नजर खान कथित तौर पर उसका पीछा करता था। छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई बार उससे बातचीत करने की कोशिश करता था और लगातार परेशान करता था। उसकी हरकतों से वह डरने लगी थी।
रविवार शाम छात्रा के दादा किसी काम से घर से बाहर गए थे। छात्रा उस समय घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक घर के अंदर घुस आया और छात्रा के साथ अभद्रता करने की कोशिश की। छात्रा ने उसका विरोध किया और जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी की पिटाई की। इसके बाद छात्रा ने भी चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। वीडियो में आरोपी कथित तौर पर माफी मांगते हुए दिखाई दे रहा है और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की बात कह रहा है।
मामले की सूचना छात्रा ने पुलिस को भी दी। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने साथ ले गई। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले से छात्रा को किस तरह परेशान करता था और उसके खिलाफ पहले कोई शिकायत हुई थी या नहीं।
कोंच कोतवाली प्रभारी निग्वेंद्र प्रताप के मुताबिक युवक को मौके से पकड़ा गया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्कूल जाने वाली छात्रा की सहपाठी छात्राओं से भी पूछताछ करेगी ताकि आरोपी की कथित गतिविधियों और पीछा करने की पूरी जानकारी सामने आ सके। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
