दो बेटियों व एक बेटे की हत्या के बाद मां ने की आत्महत्या

कुलपहाड़: महोबा जिले के कस्बा कुलपहाड़ कस्बे में बीती रात एक मां ने अपनी दो बेटियों व एक बेटे की घर के अंदर हत्या करने के बाद खुद भी फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। जिस समय महिला ने उक्त घटना को अंजाम दिया उस समय घर के सभी पुरुष सदस्य खेत में पानी लगाने गए थे। सुबह जब परिजन खेत से लौटे तब घटना का खुलासा हुआ। घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई है। परिवार में इस घटना से कोहराम मचा हुआ है। घर के अंदर से कुंडी व ताला लगा हुआ था, पति खेत में पानी लगाने गया था।

कुलपहाड़ कस्बे के नई तहसील के निकट कठवरिया मोहल्ला निवासी कल्याण सिंह यादव अपने परिवार के साथ खेती करता है। बीती रात कल्याण अपने खेत पर पानी लगाने गया था। देर रात कल्याण खेत से जब वापस घर आया तब उसने घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन पत्नी सोनम ने दरवाजा नहीं खोला। काफी देर बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो कल्याण फलांग कर अंदर गया तो उसने देखा कि अंदर से दरवाजे की कुंडी व ताला लगा हुआ था।

बच्चों के गले में लगाया फंदा , हंसिए से काटे गले

कल्याण ने अंदर का दृश्य देखा तो बदहवाश हो गया। उसकी 35 वर्षीय पत्नी सोनम फांसी के फंदे पर झूल रही थी। जबकि उसका बड़ा बेटा विशाल 11 वर्ष, दो बेटियां आरती 9 वर्ष व अंजलि 7 वर्ष के गले रस्सी से घोंटने के बाद गले को हंसिए से काटा गया था। चारों लोगों की रात में ही मौत हो चुकी थी।

पति – पत्नी में लम्बे समय से चल रही थी अनबन

मृतका सोनम के बड़े भाई भानसिंह के अनुसार पति पत्नी दोनों में दीपावली से अनबन चल रही थी। दोनों लोगों में बातचीत बंद थी। पति कल्याण घर पर खाना नहीं खा रहा था। जानकारी मिलने को बाद भानसिंह स्वयं कुलपहाड़ दोनों को समझाने आया था। लेकिन, इसके बावजूद दोनों में सुलह नहीं हो पाई थी।

बड़ी बेटी बाल बाल बच गई

कल्याण और सोनम की चार संतानें थीं। संयोग से बड़ी बेटी कुछ दिन पहले ही अपनी मौसी के घर गई थी। इसलिए वह बच गई। अन्यथा यह हो सकता था कि बड़ी बेटी भी जीवित न बच पाती।

पुलिस के अनुसार घटना संदिग्ध है

कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार पूरे हत्याकांड को सोनम ने अंजाम दिया है, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। उनके अनुसार इस संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि किसी और व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया हो। उनके अनुसार फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। कुलपहाड़ में घटी इस घटना से सनसनी फैल गई है। हर कोई हतप्रभ है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

रिपोर्ट: आलोक शर्मा

Alok Pachori (A.T.A)

Assistant Editor

Alok Pachori (A.T.A) has 327 posts and counting. See all posts by Alok Pachori (A.T.A)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *