लड़की पक्ष का आरोप: 2 लाख और बुलेट की मांग
लड़की के पिता शहादत खान ने आरोप लगाया है कि लड़के पक्ष ने शादी के दौरान 2 लाख रुपए नकद और बुलेट बाइक की अतिरिक्त मांग की। उनका कहना है कि इससे पहले फलदान की रस्म में उन्होंने पहले ही 2 लाख रुपए नकद, सोने की अंगूठी, चेन और एक बाइक दी थी। शिकायत के अनुसार, 10 मई को शादी की रस्मों के दौरान अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी गई, जिसे पूरा करने से इनकार करने पर बारात वापस लौट गई।
दूल्हा पक्ष का दावा: मारपीट के बाद टूटी शादी
वहीं दूल्हे सरताज के भाई निसार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बारात में शामिल एक युवक का लड़की पक्ष से विवाद हो गया था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।, विवाद के बाद लड़की पक्ष ने बारातियों और दूल्हे के साथ मारपीट की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बारात वापस लौट गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस घटना के बाद दूल्हा सरताज लापता है और पिछले 24 घंटे से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, अभी FIR दर्ज नहीं
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है और दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज किए जाएंगे।
लड़की पक्ष का आरोप: FIR नहीं दर्ज होने पर नाराजगी
लड़की के पिता का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है, जिससे वे नाराज हैं। उनका कहना है कि मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
टीकमगढ़ की यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा और विवाह समारोहों में बढ़ते विवादों की गंभीरता को उजागर करती है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
