राजीव ने अपनी इस यात्रा की शुरुआत 1 नवंबर 2026 को की थी। उनका लक्ष्य 10 दिसंबर को कन्याकुमारी पहुंचना है। खास बात यह है कि इसी दिन उनका 61वां जन्मदिन भी है। वे अपने जन्मदिन को एक यादगार उपलब्धि के साथ मनाना चाहते हैं। यात्रा के दौरान वे रास्ते के हिसाब से रोजाना 70 से 120 किलोमीटर तक साइकिल चला रहे हैं। राजीव का कहना है कि वे इस उम्र में खुद को चुनौती देना चाहते हैं और यह जानना चाहते हैं कि जीवन के इस पड़ाव पर वे कितना कुछ कर सकते हैं। उनके लिए यह केवल एक साइकिल यात्रा नहीं बल्कि अपनी सीमाओं को पहचानने और कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने का प्रयास है।
साइकिल से लंबी दूरी तय करने का शौक राजीव को बचपन से रहा है। करीब 20 साल की उम्र में 1985-86 के दौरान वे एक फिल्म देखने के लिए लगभग 100 किलोमीटर साइकिल चलाकर लुधियाना पहुंच गए थे। बाद में विदेश से आने वाले युवाओं को लंबी साइकिल यात्राएं करते देखकर उनके मन में भी देश की ऐसी यात्रा करने की इच्छा जागी। वर्ष 2018 में लेह में काम के दौरान अलग-अलग जगहों से आए यात्रियों से मुलाकात ने इस इच्छा को फिर मजबूत किया। करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा करने का फैसला लिया। इसके लिए ड्रीम बाइकर्स क्लब के डॉक्टर भगवंत सिंह और डॉक्टर धनवंत सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण और तैयारी की। उनकी पत्नी ने भी इस फैसले में पूरा साथ दिया।
राजीव की यात्रा को बाद में सामाजिक उद्देश्य से भी जोड़ दिया गया। शुरुआत में यह उनका निजी सपना था लेकिन ड्रीम बाइकर्स एंड रनर क्लब के सहयोग और शीला अलीपुरिया चैरिटी सोसाइटी की पहल से इसमें जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का संदेश शामिल हो गया। सोसाइटी के अध्यक्ष अजय अलीपुरिया ने एक जरूरतमंद बच्चे की पूरी पढ़ाई की जिम्मेदारी लेने का संदेश दिया है। राजीव चाहते हैं कि उनकी यात्रा से प्रेरित होकर लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों और किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा में मदद के लिए आगे आएं।
इस सफर में उन्हें आम लोगों से भी खूब सहयोग मिला है। एक बार गर्मी के दौरान दो युवक मोटरसाइकिल से करीब 10 से 15 किलोमीटर तक उनके पीछे आए। बातचीत में राजीव ने ठंडा पानी मिलने की इच्छा जताई तो दोनों युवक आगे जाकर पानी की बोतल लेकर लौटे और पैसे लेने से भी इनकार कर दिया। बनिहाल में सीआरपीएफ के जवानों ने भी उनकी यात्रा का उद्देश्य जानकर सहयोग किया।
हालांकि यह सफर चुनौतियों से खाली नहीं रहा। कोटा के पास एक दूरस्थ इलाके में फूड पॉइजनिंग के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। तीन दिन तक वे कुछ खा नहीं पाए और यात्रा छह दिन तक रोकनी पड़ी। अब उन्होंने दोबारा साइकिल चलाना शुरू कर दिया है लेकिन चक्कर आने की समस्या के चलते सावधानी बरत रहे हैं। उनकी मदद के लिए अब एक सपोर्ट वाहन भी साथ चल रहा है जिसमें दवाइयां और अतिरिक्त टायर सहित जरूरी सामान रखा है।
