मंगलवार को किसानों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की। सचिव से चर्चा के बाद प्रतिनिधिमंडल वापस प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा। किसानों ने बताया कि बुधवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने के रेट को लेकर चर्चा होगी। किसानों का कहना है कि इस बातचीत में सरकार की ओर से क्या फैसला लिया जाता है इसके आधार पर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल किसान प्रदर्शन स्थल से हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
किसानों के मुताबिक चार जिलों के कलेक्टरों और जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी चर्चा की जा रही है। इन बैठकों में किसानों की मांगों और गन्ने की कीमत को लेकर स्थानीय स्तर पर सामने आ रही परिस्थितियों पर बातचीत होगी। किसान नेताओं का कहना है कि इन चर्चाओं के बाद सरकार के रुख को समझते हुए आगे का फैसला लिया जाएगा। किसान नेताओं ने गन्ना मिल संचालकों पर मनमानी करने का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि उनकी मांग केवल एक जिले तक सीमित नहीं है बल्कि देशभर के किसान उनके साथ हैं।
किसान गन्ने का मौजूदा मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 600 रुपए करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी मांगा जा रहा है। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात सामने आई है लेकिन यह दर उनकी लागत और खेती से जुड़े खर्चों को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। किसान चाहते हैं कि उन्हें गन्ने का ऐसा भाव मिले जिससे खेती करना आर्थिक रूप से व्यवहारिक बना रहे और उत्पादन लागत निकालने के बाद उन्हें उचित लाभ भी मिल सके।
किसान नेता प्रतीक शर्मा के अनुसार प्रदर्शन में नरसिंहपुर जिले के गन्ना उत्पादक किसान शामिल हैं। उनका कहना है कि सरकार ने अभी तक उनकी मांगें स्वीकार नहीं की हैं। इससे पहले सोमवार को भी किसानों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात की थी। हालांकि उस बातचीत में भी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसानों ने भोपाल में अपना प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया।
प्रदर्शन स्थल पर किसान लगातार मौजूद हैं। सोमवार की रात भी कई किसानों ने खुले आसमान के नीचे रात बिताई। किसान नेता राकेश धाकड़ ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल किसानों ने किसी तरह खाने की व्यवस्था की और रात वहीं गुजारी। किसानों के डटे रहने के कारण पुलिस ने भी निगरानी बढ़ा दी है। पहले प्रदर्शन स्थल पर करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे लेकिन किसानों की संख्या बढ़ने की सूचना के बाद अतिरिक्त बल लगाया गया है।
अब किसानों की नजर बुधवार को होने वाली मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री की चर्चा पर है। सरकार की ओर से इस बातचीत के बाद क्या फैसला सामने आता है और किसानों की 600 रुपए प्रति क्विंटल की मांग तथा 50 रुपए बोनस पर क्या सहमति बनती है यह आंदोलन की अगली दिशा तय करेगा। फिलहाल भोपाल में गन्ने के रेट को लेकर किसानों का धरना जारी है और किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
