यह घटना डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम (IIITDM) परिसर में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुई, जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 450 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। लगातार 43 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी और तेज लू के बीच चल रही ट्रेनिंग को लेकर पहले से ही चुनौतीपूर्ण हालात बने हुए थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 8 बजे कैडेट्स ने डिनर किया, जिसमें पनीर की सब्जी भी शामिल थी। इसके कुछ समय बाद ही कई बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते दर्जनों कैडेट्स की हालत बिगड़ गई, जिससे कैंप में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद सभी बीमार कैडेट्स को तुरंत जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। कुछ छात्रों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिनका ICU में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
हालांकि शुरुआती जांच में प्रशासन ने भीषण गर्मी और लू को मुख्य कारण बताया है, लेकिन फूड पॉइजनिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। कुछ कैडेट्स ने खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
संभागायुक्त ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं CMHO ने कहा है कि सभी कैडेट्स को तत्काल मेडिकल सुविधा दी जा रही है और ज्यादातर की हालत अब स्थिर है।
घटना के बाद कई कैडेट्स सहमे और डरे हुए नजर आए, जबकि उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है ताकि असली कारणों का पता लगाया जा सके।
