दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से पिछोर को जिला बनाने की घोषणा के बाद प्रदेश में नए जिले बनाने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी माहौल के बीच कुछ शरारती तत्वों ने राज्य परिसीमन आयोग के नाम से तीन अलग-अलग पत्र तैयार किए और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इन पत्रों को इस तरह बनाया गया कि पहली नजर में वे सरकारी आदेश जैसे दिखाई देते हैं। हालांकि राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने स्पष्ट कर दिया कि उनके नाम से जारी किए जा रहे ये आदेश फर्जी हैं और इनका वास्तविक सरकारी प्रक्रिया से कोई संबंध नहीं है।
मनोज श्रीवास्तव ने फेसबुक पोस्ट में इस मामले पर हैरानी जताते हुए लिखा कि धीरे-धीरे लोग कृत्रिम दुनिया में जीने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि AI की मदद से भीड़ के दृश्य तैयार कर किसी फ्लॉप प्रदर्शन को हिट दिखाया जा सकता है और अब इसी तकनीक से नए जिले भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर किए जा रहे हैं और जिस परिसीमन आयोग को छोड़े उन्हें करीब दो साल हो चुके हैं उसी के लेटरहेड पर फर्जी आदेश जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने अपनी पोस्ट में जनगणना से जुड़े नियमों का भी जिक्र किया। श्रीवास्तव के मुताबिक जनगणना की प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज रहती हैं। ऐसी स्थिति में नए जिले या तहसील बनाने और उनकी सीमाओं में बदलाव की प्रक्रिया नहीं की जा सकती। भारत सरकार के निर्देश के अनुसार मध्य प्रदेश में 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज की गई हैं। इसमें जिले तहसील और अन्य प्रशासनिक इकाइयां शामिल हैं। यानी इस अवधि में इनके क्षेत्राधिकार में बदलाव नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने 9 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव को प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। बाद में राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त होने के बाद उन्होंने 31 दिसंबर 2024 को आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला। ऐसे में उनके पुराने आयोग के नाम और लेटरहेड का इस्तेमाल कर फर्जी आदेश तैयार करना कई सवाल खड़े करता है।
मध्य प्रदेश में लंबे समय से कई कस्बों और तहसीलों को जिला बनाने की मांग उठती रही है। सागर जिले के बीना और खुरई उज्जैन के नागदा नर्मदापुरम के पिपरिया रायसेन के बरेली शिवपुरी के पिछोर छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव और गुना के चांचौड़ा को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से होती रही है। इसके अलावा देवास के बागली विदिशा के सिरोंज और मंदसौर के गरोठ तथा भानपुरा को भी जिला बनाने की मांग उठती रही है।
फर्जी आदेशों के वायरल होने से एक बार फिर नए जिलों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्रों को वास्तविक सरकारी आदेश समझना गलत होगा। प्रशासनिक इकाइयों के गठन और सीमाओं में बदलाव के लिए निर्धारित सरकारी प्रक्रिया का पालन जरूरी है।
