द्वारकापुरी और चंदन नगर के बीच लगने वाली इस सब्जी मंडी को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने व्यापारियों के समर्थन में सड़क पर दुकानें लगवाने का ऐलान किया था। कांग्रेस की मांग थी कि व्यापारियों को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे जगह दी जाए। इसी के बाद व्यापारियों ने वहां दुकानें सजाना शुरू किया तो कुछ लोग मंडी के विरोध में नारेबाजी करने लगे। खुद को स्थानीय रहवासी बताने वाले इन लोगों के हाथों में मंडी हटाने की मांग वाली तख्तियां थीं। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी नजर आए। इनमें राजकुमार सोलंकी जिन्हें गौड़ परिवार का जमाई बताया गया है। मंडल अध्यक्ष राजेश तोमर। मंडल उपाध्यक्ष मुकेश राठौर। मंडल मंत्री नवीन थोरात। मंडल महामंत्री आशा खोड़े। मंडल प्रभारी दीपक अग्रवाल और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील पालीवाल शामिल थे। इनके अलावा वार्ड 82 के अध्यक्ष सचिन चवले। वार्ड 85 के अध्यक्ष वामन राव पाटील। वार्ड 84 के अध्यक्ष राजेश दुबे। वार्ड 84 के संयोजक बंटी सोलंकी और पार्षद पति सतनाम खनुजा भी विरोध करते दिखाई दिए। शक्ति केंद्र प्रभारी राजेंद्र गोयल। महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष गौरव तिवारी और लक्ष्मण सिंह गौड़ मंडल महामंत्री दिलीप सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारी भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी चर्चा में है। स्थानीय पार्षद शानू शर्मा। एमआईसी सदस्य राकेश जैन और पार्षद जीतू राठौर ने प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय नेताओं की सहमति के बाद ही भाजपा पदाधिकारी विरोध जताने पहुंचे थे। हालांकि इस संबंध में किसी आधिकारिक बयान की जानकारी सामने नहीं आई है।
मंडी हटाने के पीछे बिल्डर की बहुमंजिला इमारतों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि मंडी के आसपास अग्रवाल ग्रुप की कई इमारतें बनी हैं। पूर्व नगर निगम कार्यकाल के दौरान भी इस क्षेत्र में इस ग्रुप ने निर्माण कराए थे। माना जा रहा है कि इन प्रोजेक्ट्स के चलते विधायक मालिनी गौड़ मंडी को यहां से हटाने के पक्ष में हैं। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी ओर फूटी कोठी ब्रिज के नीचे की खाली जगह को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार महापौर पुष्यमित्र भार्गव इस जगह को 30 साल के टेंडर पर देने की योजना बना रहे हैं। बताया जाता है कि कुछ समय पहले इस संबंध में प्रस्ताव का खाका भी तैयार हुआ था लेकिन राजनीतिक कारणों से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसी वजह से महापौर भी सड़क और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने के पक्ष में नहीं बताए जा रहे हैं।
उधर सब्जी मंडी के व्यापारी मंगलवार रात भी ब्रिज के नीचे डटे रहे। उन्होंने सुंदरकांड का पाठ कर अपना विरोध जारी रखा। कांग्रेस के स्थानीय नेता भी व्यापारियों के समर्थन में सक्रिय हैं। कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि यहां 20 से 25 साल से मंडी लग रही है और अब तक रहवासियों को कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार के प्रदर्शन में भाजपा के लोग शामिल थे। चौकसे के मुताबिक महापौर और विधायक के बीच चल रही खींचतान का नुकसान गरीब व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने साफ किया कि व्यापारियों के समर्थन में उनका आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में फूटी कोठी मंडी का विवाद अब स्थानीय सुविधा और कारोबार के साथ-साथ भाजपा के भीतर और जनप्रतिनिधियों के बीच राजनीतिक खींचतान का मुद्दा भी बनता जा रहा है।
